नागौर : दफनाए गए शव को निकलवाकर पुलिस करवाएगी पोस्टमार्टम, पिता ने बताया था हत्या

नागौर के कुचेरा में स्थानीय पुलिस थाने में एक व्यक्ति ने बेटे की हत्या करने का मामला दर्ज कराया। मृतक के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वहीं शव का पोस्टमार्टम करने के लिए दफनाए गए शव को निकालने व उसका मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के लिए कलेक्टर व मेङता उपखण्ड अधिकारी से आदेश जारी करने के लिए निर्देश मांगे गए हैं।
थानाधिकारी देवीलाल बिश्नोई ने बताया कि रेण निवासी रामनिवास पुत्र रामुराम बनबागरिया ने रिपोर्ट दी कि उसका पुत्र रामदेव धवा में खेतों की रखवाली करता था। गत 29 जनवरी को रात खाना खाकर वह मोटरसाईकिल व बैटरी व लाठी लेकर रखवाली करने चला गया। सुबह धवा निवासी भीखाराम ने उसे फोन किया कि उसका बेटा ओमाराम बेनिवाल की ढाणी के पास मरा पड़ा है। जल्दी पहुंचे। उसने जाकर देखा तो उसके बेटे के सीने पर गोली लगी थी। उसके शरीर पर चीट चेपा लगी बन्दूक भी पड़ी थी।मौके पर धवा सरपंच सहित अनेक लोग आ गए। ओमाराम बेनिवाल व गांव के व्यक्ति बोले कि बेटे को ले जा और दफना दे। वरना तेरी भी यही हालात होगी। जिस पर वह उसके बेटे की लाश को रेण ले जाकर गुन्दली नाडी के पास दफना दिया। रिपोर्ट में परिवादी ने उसके बेटे की धवा निवासी ओमाराम बेनिवाल द्वारा गोली मारकर हत्या करने की आशंका जताई।

कुचेरा थानाधिकारी देवीलाल बिश्नोई ने बताया कि मृतक के पिता ने शव को ले जाकर दफना दिया था। मंगलवार सुबह थाने आकर रिपोर्ट दी थी। मंगलवार को ही मौका मुआयना कर जांच की गई। साथ ही दफनाए गए शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए प्रक्रिया चल रही है।