पुर्तगाल: Pfizer वैक्सीन लेने के दो दिन बाद ही हेल्थ वर्कर की मौत, सामने नहीं आए थे कोई भी साइड इफेक्ट

पुर्तगाल में एक 41 वर्षीय हेल्थ वर्कर के Pfizer कोरोना वैक्सीन लेने के 48 घंटे के भीतर मौत हो गई। हेल्थ वर्कर सोनिया असेवेडो में वैक्सीन लेने के बाद कोई साइड इफेक्ट नजर नहीं आया था। उनकी मौत अचानक ही हो गई। डेली मेल की खबर के मुताबिक सोनिया पोर्तो शहर के Portuguese Institute of Oncology में काम कर रहीं थीं। मिली जानकारी के मुताबिक उन्हें कोई भी गंभीर बीमारी या साइड इफेक्ट नहीं था और वे स्वस्थ बतायी जा रहीं हैं। फिलहाल सोनिया की ऑटोप्सी की गयी है जिससे मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
सोनिया के पिता अबिलियो असेवेडो ने पुर्तुगाल डेली अखबार से कहा कि वह एकदम ठीक थी, उसे कोई स्वास्थ्य संबंधी परेशानी नहीं थी। उसे कोविड के लक्षण नहीं थे और एक ही दिन पहले उसे कोरोना वैक्सीन दी गई थी। मुझे नहीं पता उसे क्या हुआ है बस मुझे जवाब चाहिए कि उसकी मौत कैसे हुई। बता दें कि सोनिया दो बच्चों की मां भी थीं।

30 दिसंबर को दी गई थी वैक्सीन

पुर्तगाल इंस्टीट्यूट ऑफ़ ऑनकोलॉजी ने बयान के अनुसार सोनिया को 30 दिसंबर को वैक्सीन दी गई थी और 1 जनवरी को उनकी मौत हो गई। सोनिया में वैक्सीन लेने के बाद साइड इफेक्ट नजर नहीं आए थे। मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है, हालांकि सोनिया के हेल्थ रिकॉर्ड के मुताबिक वे पूरी तरह स्वस्थ थीं।
बुल्गारिया में सामने आए वैक्सीन के साइड इफेक्ट

उधर, बुल्गारिया में भी अमेरिकी कंपनी फाइजर की कोरोना वैक्सीन के साइड इफेक्ट के मामले सामने आए हैं। सोमवार को ड्रग एजेंसी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बॉग्डन किरिलोव ने बताया कि चार लोगों में वैक्सीन के साइड इफेक्ट देखने को मिले है। जिन लोगों में वैक्सीन के साइड इफेक्ट सामने आए है, उनमें से दो को दर्द और दो में सुस्ती और तापमान में वृद्धि की परेशानी देखी गई है।

आपको बता दे, फाइजर को वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) ने भी पूरी दुनिया में इमरजेंसी इस्तेमाल के लिए अप्रूव दे रखा है। ब्रिटेन में भी दो हेल्थ वर्कर में इस वैक्सीन के प्रति साइड इफेक्ट देखने को मिला था। इसके बाद दुनिया भर में फाइजर ने एलर्जी से जुड़े मरीजों के लिए कोरोना वैक्सीन के इस्तेमाल संबंधी एडवाइजरी भी जारी की थी।