जोधपुर : लॉक डाउन की सख्ती आई नजर, दोपहर तक ही 150 वाहन जब्त

सोमवार को लॉक डाउन का पहला दिन था जहां संक्रमण को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्ती दिखाई जिसमें दोपहर तक ही 150 वाहन जब्त कर डाले। आगामी 24 मई तक इसकी सख्ती से पालना होगी। पहले ही दिन पुलिस पूरी तरह सख्त नजर आई। दोपहर तक पुलिस ने जिला पूर्व एवं पश्चिम में मिलाकर डेढ़ सौ से ज्यादा वाहनों को सीज कर थानों में भिजवाया है। अब ये गाडिय़ां 24 मई के बाद ही मुक्त हो सकेगी। कई जगह बेरिकेड्स लगाकर रास्ते बंद कर दिए गए। आने जाने वालों से पूछताछ करती नजर आई। बेवजह निकलने वालों के चालान काटने के साथ ही क्वारेंटाइन भी किया जा रहा है। निजी वाहनों की तरह अब बसों सहित पब्लिक ट्रांसपोर्ट के सभी साधनों पर रोक लगा दी गई है। जिलों में आपातकालीन हालात को छोड़ आवाजाही पर रोक रहेगी।

सरकार द्वारा दी गई छूट के अलावा करीब करीब सब कुछ बंद नजर आया। सरकार ने विकराल रूप से सिर उठा रहे कोरोना पर लगाम लगाने के लिए आज से 14 दिन का सख्त लॉकडाउन लगाया है जो 24 मई तक लागू रहेगा। सख्त लॉकडाउन के पहले दिन असर नजर आया। सडक़ों पर वे ही लोग नजर आए जिन्हें जरूरी काम था। निजी वाहन और सिटी बसें बंद रही। सिनेमा, जिम, मॉल आदि पहले से ही बंद थे। रोडवेज की बसों के भी चक्के थम गए। कुछ जगहों पर थ्री व्हीलर टैक्सियां सड़कों पर सवारियां लेकर दौड़ती नजर आई। सुबह पांच घंटे के लिए किराने की दुकानें खुली। शराब की दुकानें खुली और फल व सब्जी वाले दिखाई दिए। डेयरी संचालकों को लॉकडाउन से मुक्त रखा गया। दो दिन बाद बैंकों में भी कामकाज शुरू हो गया। कारखानें आम दिनों की तरह चलते रहे।