अलवर : 20 किलोमीटर पीछा कर पुलिस ने किया पिकअप चोर को गिरफ्तार

जिले के भिवाड़ी क्षेत्र में पिकअप चोरी का मामला सामने आया जिसमें पुलिस ने 20 किलोमीटर पीछा कर अपराधी को पकड़ा हैं। घटना शुक्रवार देर रात की हैं। पिकअप चोर गाड़ी को छोड़ खेतों में फरार हो गया। बाद में पुलिस ने बदमाश दीपांशु गौतम पुत्र बृजमोहन निवासी सिंगोला नरेला दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पिकअप भी बरामद की। पुलिस ने बताया कि बदमाश दीपांशु गौतम के खिलाफ हत्या, लूट व चोरी के करीब 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इस बदमाश का करीब 20 किलोमीटर पीछा कर पकड़ा है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे साहिद खान निवासी नूंह ने भिवाड़ी पुलिस को कंट्रोल रूम के जरिए बताया कि उसकी पिकअप को रीको चौक भिवाड़ी से चोर लेकर भाग गया। गश्त के दौरान पुलिस निरीक्षक बलवान सिंह को चोरी की सूचना मिली। इसके बाद कंट्रोल रूम के जरिए सूचना अन्य पुलिस नाके तक भेजी। एसपी भिवाड़ी ने तुरंत डीएसी हरिराम कुमावत को नाकाबंदी कर कार्रवाई के निर्देश दिए।डीएसपी ने साहिद खान को साथ लिया। इसके बाद रीको चौक की तरफ गए। वहां पुलिस को चोरी गई पिकअप नजर आ गई। पिकअप तेज गति से भिवाड़ी की तरफ जाती दिखी। इसके बाद पुलिस ने पिकअप का पीछा किया। लेकिन, पिकअप बदमाश ने गाड़ी की स्पीड तेज कर दी। आगे भिवाड़ी मोड़ पर नाकाबंदी तोड़ता हुए बिलासपुर से धारूहेड़ा की ओर निकल गया। इसके आगे भी वह पिकअप को तेजी गति से ले जाता रहा।

पुलिस ने काफी कोशिश की लेकिन बदमाश नहीं रुका तो पुलिस ने फायर किए। फायर पिकपअ पर लगे। यह देख बदमाश डरा और वह पिकअप को रोक कर खेतों में भाग गया। पुलिस ने खेतों में करीब एक किमी दूर जाकर उसे पकड़ लिया।