टोंक : मैदान में बच्चे खेल रहे थे गिल्ली-डंडा, पहुंचा भारी पुलिस जाब्ता, 7 को किया गया क्वारैंटाइन

कोरोना का कहर अभी भी जारी हैं लेकिन कई लोग लापरवाही करने से परहेज नहीं कर रहे हैं। इसका एक मामला सामने आया टोंक में जहां बच्चे मैदान में गिल्ली-डंडा खेल रहे थे और तभी पुलिस भारी जाब्ते के साथ पहुंची और उन्हें घेरकर 7 को क्वारैंटाइन कर दिया गया। कलेक्ट्रेट परिसर के पास खाली पड़े मैदान पर बच्चों व युवकों को लॉकडाउन में खेलना उस समय भारी पड़ गया जब पुलिस ने उन्हें पकड़ कर क्वॉरैंटाइन कर दिया गया। लॉकडाउन में पार्क या खाली स्थान पर किसी का भी घूमना या खेलना प्रतिबंधित है।

डीएसपी चंद्र सिंह रावत ने बताया कि कलेक्ट्रेट के पास खाली पड़े मैदान पर कुछ बच्चे व युवक क्रिकेट आदि खेल रहे थे। इनमें से कुछ ने तो मुंह पर मास्क तक नहीं लगा रखा था। इसकी सूचना पुलिस को मिली तो डीएसपी चंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और मैदान पर खेल रहे बच्चों को घेर कर 7 बच्चों व युवकों को पकड़ कर क्वारैंटाइन कर दिया। इस कार्रवाई में महिला पुलिस भी थीं।

करीब 2 माह से जिले में कोरोना का प्रकोप बना हुआ है। इससे करीब एक पखवाड़े पहले तक जिले में भी काफी लोग चपेट में थे। लोगों में भय का माहौल बना हुआ था। कोरोना से निपटने के लिए सरकार ने लॉकडाउन लगाया था। उसी की गाइडलाइन की पुलिस ने बच्चों को क्वारैंटाइन सेंटर भेजकर की।