PM मोदी ने रामलीला मैदान में कहा - देश के मुसलमानों का नागरिकता कानून से कोई लेना-देना नहीं

दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लेकर जारी प्रदर्शनों के बीच विपक्ष पर करारा हमला बोला है। पीएम मोदी ने कहा कि इस बिल के पास होने के बाद कुछ राजनीतिक दल तरह-तरह की अफवाहें फैलाने में लगे हैं, लोगों को भ्रमित कर रहे हैं, भावनाओं को भड़का रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देश के मुसलमानों में अफवाह फैलाई जा रही है। देश के मुसलमानों का नागरिकता कानून से कोई लेना-देना नहीं है। PM मोदी ने कहा नागरिकता संशोधन कानून भारत के किसी नागरिक के लिए, चाहे वो हिंदू हो या मुसलमान, के लिए है ही नहीं। ये संसद में बोला गया है। इस कानून का देश के अंदर रह रहे 130 करोड़ लोगों से कोई वास्ता नहीं है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत की संसद ने दलितों और शोषितों के उज्जवल भविष्य के लिए नागरिकता संशोधन कानून बनाया है। सभी को देश की जनता के चुने हुए सांसदों, लोकसभा और राज्यसभा का सम्मान करना चाहिए।

पीएम मोदी ने कहा कांग्रेस और उसके साथी, शहरों में रहने वाले कुछ पढ़े-लिखे अर्बन नक्सल, ये अफवाह फैला रहे हैं कि सारे मुसलमानों को डिटेंशन सेंटर में भेज दिया जाएगा। अपनी शिक्षा की कुछ तो कद्र करिए। एक बार पढ़ तो लीजिए नागरिकता संशोधन एक्ट है क्या? पीएम मोदी ने कहा जो इस देश की मिट्टी के मुसलमान हैं, जिनके पुरखे मां भारती की ही संतान थे, उन पर नागरिकता कानून और NRC दोनों का ही कोई लेना-देना नहीं है। ये एक्ट उन लोगों पर लागू होगा जो बरसों से भारत में ही रह रहे हैं। किसी नए शरणार्थी को इस कानून का फायदा नहीं मिलेगा। पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से धार्मिक प्रताड़ना की वजह से आए लोगों को सुरक्षा देने के लिए ये कानून है।