अजमेर जिले के बिजयनगर के निकट एक भीषण हादसा देखने को मिला जहां कार का संतुलन बिगड़ने से वह हाइवे से नीचे पलट गई और कार चला रहे डॉक्टर मनीष अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच घटना का मुआयना किया और शव को बिजयनगर के चिकित्सालय पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार किसी जानवर को बचाने के चक्कर में कार असंतुलित होकर पलट गई और कार में सवार चिकित्सक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, अजमेर के चन्द्रबरदाई नगर निवासी 35 वर्षीय शिशु रोग विशेषज्ञ मनीष अग्रवाल ब्यावर के निजी चिकित्सालय में सेवाएं दे रहे थे। गुरुवार सुबह एक प्रसव कराने के बाद वे अपनी पत्नी से मिलने के लिए कार से भीलवाडा के लिए रवाना हुए। बिजयनगर के निकट जालिया के पास कार असंतुलन होकर हाइवे से नीचे पलट गई जिससे मौके पर ही अग्रवाल की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड जमा हो गई और पुलिस को सूचना की।सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कार में मौजूद कागजात से चिकित्सक की पहचान की और उसका शव बिजयनगर चिकित्सालय पहुंचाया। परिजन को सूचना करने पर परिजन मौके पर पहुंचे और चिकित्सक के पिता सतीष कुमार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया।
हादसे में मरे चिकित्सक मनीष अग्रवाल की पत्नी डॉ सोनम बंसल भीलवाडा में चिकित्सक है और ससुराल भी भीलवाडा है। अग्रवाल सुबह उनसे मिलने के लिए भीलवाडा जा रहे थे। उनके एक पुत्र भी है। जिसकी उम्र करीब एक साल है।