नाइजीरिया पर मंडराया कोरोना की दूसरी लहर का कहर, हालात हुए भयावह

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की दूसरी लहर और विभिन्न स्ट्रेन की वजह से कई देशों के हालात बिगड़ते ही जा रहे हैं. अब तक 9.87 करोड़ से अधिक लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं। वहीं कोरोना संक्रमण के चलते 21.16 लाख से अधिक लोगों की जान चली गई। इन दिनों अफ्रीकी देश नाइजीरिया में कोरोना वायरस की दूसरी लहर चल रही है, जिसके चलते वहां हालात भयावह हो गए हैं। बता दें कि 20 करोड़ की आबादी वाले देश नाइजीरिया में कोरोना वायरस से 1,18,138 से अधिक लोग संक्रमित हो गए हैं। वहीं कोरोना वायरस से 1,490 लोगों की मौत हो गई है।

ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका से अलग है यह स्ट्रेन

हाल ही में नाइजीरिया में कोरोना संक्रमण का एक नया स्ट्रेन देखने को मिला था। अफ्रीका सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के प्रमुख जॉन नेकेंगसॉन्ग ने नाइजीरिया के इस नए स्ट्रेन के बारे में कहा कि यह यूके और दक्षिण अफ्रीका से एक अलग प्रकृति का है। इस स्ट्रेन की जांच नाइजीरिया सीडीसी और अफ्रीकी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर जीनोमिक्स ऑफ इंफेक्शियस डिजीज के वैज्ञानिक कर रहे हैं। उन्होंने वायरस के इस प्रकृति की जांच के लिए और समय की मांग की।

नए स्ट्रेन को P681H वैरियंट दिया गया नाम

डॉ. नेकेंगसॉन्ग ने बताया कि टीकों पर नाइजीरियाई वेरिएंट का संभावित प्रभाव अभी तक अस्पष्ट है। एक प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया कि 3 अगस्त और 9 अक्तूबर के बीच दक्षिणी ओसुन राज्य में लागोस के उत्तर में 100 मील की दूरी पर एकत्र किए गए दो रोगियों के नमूनों में कोरोना वायरस का यह नाइजीरियाई वैरियंट पाया गया था। कोरोना वायरस के इस वैरियंट को P681H नाम दिया गया है।