ओमिक्रॉन के महाराष्ट्र में 31, केरल में मिले 19 नए केस, देश में कुल मरीजों की संख्या 500 के पार; दिल्ली में कल से नाइट कर्फ्यू

महाराष्ट्र में रविवार को ओमिक्रॉन के 31 नए केस मिले है। इसके साथ ही यहां नए वैरिएंट से संक्रमित कुल मरीजों की संख्या 141 हो गई है। इसके अलावा केरल में 19 और मध्यप्रदेश के इंदौर में 8 संक्रमितों की पुष्टि हुई है। हिमाचल प्रदेश में भी पहला ओमिक्रॉन संक्रमित मरीज मिला है। इस तरह देश में ऐसे मरीजों का आंकड़ा 500 के पार हो गया है। मुंबई में भी कोरोना के 922 नए मामले दर्ज किए गए। ये 7 महीनों में यह एक दिन में मिले मरीजों की यह सबसे बड़ी संख्या है। साथ ही शनिवार को मिले केस के मुकाबले 21% ज्यादा हैं। 4 जून को मुंबई में एक दिन में 973 मामले सामने आए थे। अब यहां 4,295 एक्टिव केस हैं। पॉजिटिविटी रेट भी बढ़कर 2.64% हो गया है। इसके बावजूद मुंबई के बीच पर भारी भीड़ दिखाई दे रही है। महाराष्ट्र में 1,648 नए केस मिले हैं।

उधर, दिल्ली में रविवार को कोरोना के 290 केस रिपोर्ट किए गए हैं। अब यहां एक्टिव केस की संख्या 1,103 हो गई है। राज्य सरकार के ऑफिशियल कोरोना बुलेटिन के मुताबिक, कोरोना के पॉजिटिविटी रेट में भी 0.5% की गंभीर बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सरकार ने नेशनल कैपिटल में नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया है। राज्य में नाइट कर्फ्यू का नियम सोमवार रात से लागू होगा। रोजाना रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू रहेगा।