पुलिस विभाग के मोटर गैराज से चालक पद से रिटायर्ड 70 साल के शेर मोहम्मद पुत्र मोहम्मद इब्राहिम की जलने से मौत हो गई। सदर बाजार थानाधिकारी बंशीलाल ने बताया कि त्रिपोलिया बाजार स्थित बड़ेर की मस्जिद के पास बुजुर्ग अपने दो बेटा-बेटी और पुत्र वधुओं के साथ रहते थे।
सोमवार दोपहर 12 बजे परिवार के लोग ओसियां शादी में गए हुए थे। घर में एक पुत्रवधू ही थीं। वह कपड़े सुखाने के लिए छत पर गईं। पीछे से वृद्ध शेर मोहम्मद ठंड से बचाव के लिए हीटर पर ताप कर रहे थे। तब कंबल ओढ़े होने से संभवत: वह हीटर के चिपक गई और आग लग गई। इससे वे आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। छत पर मौजूद पुत्र वधू को पता लगने पर वह तुरंत दौड़कर आई और चिल्लाई तब तक आसपास के लोग एकत्रित हो गए।झुलसी हालत में बुजुर्ग को एमजीएच लाया गया, लेकिन वहां पर डॉक्टर ने उन्हें मृत बता दिया। थानाधिकारी ने बताया कि वृद्ध शेर मोहम्मद बीमारियों से भी ग्रसित थे और पैरों में रॉड भी लगी थी। उठने बैठने में भी तकलीफ थी। आग लगने पर वे खुद को संभाल नहीं पाए और हादसा हो गया।