अलवर : नगर परिषद के वर्क ऑर्डर पर गरीबों को खिलाया खाना, अब बिल पास करने के लिए रिश्वत मांग रहे अधिकारी

अलवर जिला मुख्यालय पर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां एक युवक खाने के बिल पास नहीं होने पर भ्रष्टाचार के लिए दान मांग रहा है। बकायदा नगर परिषद के बाहर ही अनशन पर बैठा हुआ है। युवक ने नगर परिषद के वर्क ऑर्डर पर कोरोना महामारी में आश्रय स्थलों पर गरीबों को खाना खिलाया। जब बिल पास करने की बारी आई तो रोक दिए गए और रिश्वत के तौर पर 50 पर्सेंट मांगे गए। युवक राहुल नगर परिषद कार्यालय के बाहर अनशन पर बैठा है।
वहीं पर रिश्वत देने के लिए दान पात्र लगा रखा है। अनशन स्थल के सामने से गुजरने वाले कुछ लोगों ने भ्रष्टाचार के लिए दान करना भी शुरू कर दिया है। पिछले दो दिन में 500 रुपए दान आया है। हालांकि राहुल का कहना है कि उसका मकसद यह नहीं है कि अधिक से अधिक दान आए। वह चाहता है कि सरकार को पता लगे कि किस तरह पैसा मांगा जाता है।राहुल का कहना है कि सभापति बीना गुप्ता बिल राशि का 50 प्रतिशत मांगती हैं। इतना पैसा उसके पास नहीं है। इस कारण मजबूरी में सरकार को जगाने के लिए अनशन पर बैठा हूं। हालांकि सभापति बीना गुप्ता कमिशन मांगने के मामले को सिरे से खारिज कर रही है। उसका कहना है कि इस मामले से उसका कोई लेना-देना नहीं है।