बिहार : 12 नए मामलों की पुष्टि, एक ही परिवार के 10 लोग संक्रमित, राज्य में मरीजों की संख्या 51 हुई

बिहार में गुरुवार को कोरोना वायरस (COVID-19) के 12 नए मामले सामने आए हैं। सिवान में एक ही परिवार के 10 लोग संक्रमित पाए गए हैं और 2 लोग बेगूसराय जिले के हैं। सीवान में मरीजों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने जिला प्रशासन को हाई अलर्ट किया है। इसके साथ ही राज्य में मरीजों की संख्या 51 हो गई है। बिहार के प्रधान स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार ने इसकी जानकारी दी है। गुरुवार सुबह सीवान के एक ही परिवार की चार महिलाओं की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस परिवार का एक सदस्य ओमान से आया था। उसके संपर्क में आने से परिवार की चार महिलाओं को बीमारी लग गई। मरीज के गांव में मेडिकल टीम कैंप कर रही है। गांव के तीन किलोमीटर के इलाके को सील किया गया है। बिहार में कोरोना के 16 मरीज ठीक भी हुए हैं।
बिहार में तम्बाकू खाकर थूकना पड़ेगा महंगा

बिहार में तम्बाकू या गुटखा खा कर इधर-उधर या सार्वजनिक स्थलों पर थूकना महंगा पड़ेगा। छह महीने की जेल की सजा हो सकती है। कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर), नई दिल्ली ने इस संबंध में एडवाइजरी भी जारी की है। उसमें बताया गया है कि पान मसाला, खैनी, जर्दा और गुटका खाकर यत्र-तत्र थूकने से कोरोना वायरस फैलने का खतरा बढ़ता है। अत? सार्वजानिक जगहों पर इसके उपयोग पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। बिहार में राज्य सरकार ने पहले से ही पान मसाला में मैग्निशियम कार्बोनेट निकोटिन पाए जाने के कारण 15 ब्रांड के पान मसालों के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर प्रतिबंध लगा रखा है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार भारत में पिछले 24 घंटे में 17 लोगों की मौत हो गई है। देश में अब तक कुल 5,734 मामले सामने आ गए हैं। इनमें से 5,095 लोगों का इलाज जारी है। 473 लोग ठीक हो गए हैं और 166 लोगों की मौत हो गई है।