जयपुर : अब घर बैठे ही 20 मिनट में ऑनलाइन बन सकेंगे लर्निंग लाइसेंस, इस तरह करना होगा आवेदन

गाडी चलाने के लिए जरूरी कागजातों में से एक हैं ड्राइविंग लाइसेंस जिसे बनवाने के लिए पहले लर्निंग लाइसेंस बनाना पड़ता हैं। पहले इसके लिए RTO के चक्कर काटने पड़ते थे। लेकिन अब आप घर बैठे ही 20 मिनट में ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस बना सकेंगे। हालांकि लर्निंग के बाद स्थाई लाइसेंस के लिए परिवहन कार्यालय जाना पड़ेगा। परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने बताया गुरुवार से सुविधा शुरू कर दी गई है। इस सेवा के ऑनलाइन होने के बाद आवेदक घर बैठे किसी भी समय लर्निंग लाइसेंस के लिए ऑनलाइन टेस्ट दे सकता है। टेस्ट में पास होने के बाद लाइसेंस का प्रिंट निकाल सकता है।
परिवहन आयुक्त महेंद्र सोनी ने बताया लाइसेंस के लिए परिवहन विभाग की वेबसाइट पर आवेदन करना होगा। ‘वाया आधार (ई-केवाईसी) प्रमाणीकरण‘ को सब्मिट करना होगा। इस सुविधा से अब लाइन में लगने से मुक्ति मिलेगी। आईडी-पासवर्ड प्राप्त होने की तिथि से 7 दिन के अंदर ही आवेदक को टेस्ट देना होगा। ऐसा नहीं करने पर आवेदक को फिर से परीक्षा फीस जमा करानी होगी। इसमें एक श्रेणी के लिए 200 रूपये और दो श्रेणी के लिए 350 रूपये जमा होगी।लर्निंग लाइसेंस के लिए इस तरह कर सकते हैं आवेदन

ई-केवाईसी प्रक्रिया में आधार नंबर दर्ज करने पर मोबाइल पर वन टाइम पासवर्ड आएगा। ओटीपी दर्ज से सत्यापन के बाद आधार में अंकित नाम, जन्मतिथि, घर का पता और अन्य जानकारी भर जाएंगी। इसके बाद लर्निंग लाइसेंस की फीस जमा कराने की विकल्प मिलेगा। फीस जमा होने के बाद 12 मिनट का वीडियो देखना होगा। इसमें यातायात नियमों की पालना संबंधित जानकारी होगी। मोबाइल पर मैसेज के जरिए आवेदन नंबर और पासवर्ड प्राप्त होगा। इसी से ऑनलाइन टेस्ट होगा। टेस्ट में 20 प्रश्न होंगे। इसमें 12 सही करने पर ही पास होंगे। ये 20 प्रश्न हर आवेदकों के पास अलग-अलग आयेंगे। इसके बाद ओटीपी से लर्निंग लाइसेंस डाउनलोड कर सकते हैं। ई-केवाईसी का विकल्प तभी चुने, जब कि आधार में दर्ज सभी जानकारी सहीं हो।