श्रीगंगानगर : राहत भरा रहा मंगलवार का दिन, 89 दिन बाद एक भी नया कोरोना केस नहीं

कोरोना का कहर कम होते हुए मंगलवार को जिले में राहत भरा रहा जहां 89 दिन बाद एक भी नया कोरोना केस नहीं मिला।इससे पूर्व 18 मार्च को ये स्थिति थी जब कोई संक्रमित नहीं मिला था। सरकारी रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को श्रीगंगानगर जिले में 38 रोगी कोरोना मुक्त हुए। जिले में रिकवरी 98.20% पर पहुंच चुकी हैं। जिले के 16 कोरोना अस्पतालों में 888 बेड की क्षमता है। इसमें से मंगलवार को 74 रोगी ही भर्ती थे। बेड ऑक्यूपेंसी 8.33 प्रतिशत हो चुकी है। अस्पतालों में 814 बेड खाली थे।
ऑक्सीजन सुविधा युक्त 516 बेडों में से 68 पर ही रोगी थे। अब ऑक्सीजन पर निर्भर रोगियों की संख्या में भी कमी देखी जा रही है। सीएचसी स्तर पर स्थापित कोविड कंसल्टेशन सेंटरों-चूनावढ़, घड़साना और पदमपुर में एक भी रोगी नहीं है। श्रीकरणपुर में महज 3, सूरतगढ़ में 4, रायसिंहनगर और सादुलशहर में 2-2 रोगी ही भर्ती हैं। जिला अस्पताल में 19 रोगी भर्ती हैं। इसमें से 6 ही ऑक्सीजन पर हैं।राजस्थान में तीन महीने बाद 200 से नीचे आया संक्रमितो का आंकड़ा

राजस्थान में कोरोना सिमटता नजर आ रहा हैं जहां हर दिन संक्रमितो का आंकड़ा गिरता जा रहा हैं और तीन महीने बाद एक दिन में मिलने वाले संक्रमितो की संख्या 200 से नीचे पहुंची हैं। बीते दिन राज्य में कुल 172 केस आए है, जबकि 14 लोगों की मौत हो गई। वहीँ राज्य में मंगलवार को 1006 मरीज रिकवर हुए हैं जिसके बाद सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 5619 रह गया हैं। राज्य की अब तक की स्थिति देखे तो कुल 9.50 लाख से ज्यादा लोग अब तक कोरोना से संक्रमित हो चुके है, जबकि 9.35 लाख से ज्यादा लोग इस बीमारी से रिकवर हो गए। वहीं 8856 लोगों की अब तक इस बीमारी से जान जा चुकी है। प्रदेश में कोरोना की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने अनलॉक की नई गाइडलाइन जारी करते हुए पाबंदियाें में और ढील दी है।