बीकानेर : मरूधरा में दिखाई दिया श्रीनगर की बर्फबारी का असर, 5 डिग्री गिरा रात का पारा

बीते दिन मौसम का मिजाज फिर बदला हुआ दिखाई दिया जहां रात के पारे में 5 डिग्री की गिरावट देखी गई और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री दर्ज किया गया। उत्तरी हवा चलने से 24 घंटे में ही रात का तापमान 20.2 डिग्री से लुढ़ककर 15.2 डिग्री पर पहुंच गया। दरसअल श्रीनगर में बर्फबारी हो रही है। हवा का रुख बदलकर उत्तरी होने से सर्द हवाओं का असर यहां भी होने लगा है। इस कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग की मानें तो उत्तरी हवा का असर ज्यादा नहीं रहेगा। एक-दो दिन तापमान स्थिर रहकर वापस बढ़ेगा। आने वाले दिनों में आसमान साफ रहेगा, इसलिए तापमान में कमी आने के फिलहाल कोई आसार नहीं हैं। न्यूनतम तापमान घटने का असर रविवार सुबह भी देखने को मिला। हल्की ठंडक का अहसास हुआ। हालांकि पांच डिग्री लुढ़कने के बाद भी तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा रहा क्योंकि इन दिनों न्यूनतम तापमान 13 डिग्री होना चाहिए। दिन में असर कम हुआ क्योंकि धूप ने हवा बेअसर कर दी। फरवरी के अंतिम सप्ताह में 28 डिग्री तापमान होना चाहिए लेकिन रविवार को 31.8 डिग्री दर्ज किया गया।