श्रीगंगानगर के पदमपुर कस्बे में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया हैं जिसमें कुछ घंटे पहले ही पैदा हुई नवजात कन्या का शव नाली में मिला। घटना गुरुवार सुबह की हैं जो की कस्बे के वार्ड तीन में घटित हुई। मोहल्ले के लोगों को घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात कन्या का शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद इसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। आशंका जताई जा रही है कि बुधवार देर रात अज्ञात व्यक्ति इसे यहां फेंक गया।
कस्बे के वार्ड तीन के लोग सुबह उठे तो उन्हें अरविंद शर्मा के घर के बाहर नाली में प्लास्टिक का बैग नजर आया। निकासी अवरुद्ध होने पर उन्होंने उसे निकाला तो इसमें कुछ घंटे पहले पैदा हुई कन्या नजर आई। अनुमान है कि यह करीब नौ माह का गर्भकाल पूरी कर चुकी कन्या है, जिसे संभवत: जन्म होने के साथ ही यहां फेंक दिया गया। पुलिस कर्मियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह सूचना मिलने पर शव को प्लास्टिक के बैग से निकालकर आसपास पूछताछ की गई। कोई जानकारी नहीं मिलने पर पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार करा दिया गया।