बारां : खूनी जंग में तब्दील ही मामूली लड़ाई, अंडे के छिलके और नॉनवेज फेंका बाहर तो दो परिवारों में चले लाठी-पत्थर

बारां के अन्ता कस्बा स्थित हनुवंत खेड़ा गांव में गुरुवार देर रात एक मामूली लड़ाई खूनी जंग में तब्दील हो गई और एक की जान चली गई। यहां दो परिवारों के बीच अंडे के छिलके और नॉनवेज बाहर फेंकने पर लड़ाई हुई थी जिसमें एक पक्ष के छोटू लाल प्रजापति (60) की मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष की महिला समेत 4 लोग घायल हुए। हमले में इनमें से एक गम्भीर है, जिसे बारां रेफर किया गया है। डीएसपी जिनेंद्र कुमार जैन ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द किया है। दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दी गई है। मामले की जांच की जा रही हैं।

छोटूलाल प्रजापति व मदनलाल मीणा का मकान आमने-सामने हैं। गुरुवार को छोटू लाल के घर कार्यक्रम था। छोटू लाल के घर पर नॉनवेज बना था। आरोप है कि इसका कचरा छोटू लाल ने मदन लाल के मकान के पास वाली नाली में डाल दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई, जो बाद में खूनी संघर्ष में तब्दील हुई। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए। लाठियों व पत्थर से एक दूसरे पर हमला कर दिया। हमले में छोटूलाल की मौत हो गई। मदन लाल व उसकी पत्नी भूली बाई (50), उसके दो बेटे चन्द्रश्याम (30), विक्रम (25) घायल हो गए। मदन लाल की हालत गम्भीर बताई जा रही है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।