नए साल 2021 का स्वागत कुछ अलग अंदाज में हुआ। कोरोना संकट के चलते देश के विभिन्न हिस्सों में रात्रि कर्फ्यू तथा नववर्ष के आयोजनों पर बंदिशों के कारण लोग नए साल की शुरुआत धूम-धाम से नहीं कर सके। लोगों से कोरोना गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस द्वारा कड़ी निगरानी रखी गई।
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को नए साल की शुभकामनाएं दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कामना की है कि नया साल देशवासियों के जीवन में अच्छा स्वास्थ्य, खुशियां और समृद्धि लेकर आए।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा 'आप सभी को नए साल 2021 की शुभकामनाएं। कामना करता हूं कि ये साल आपके जीवन में अच्छी सेहत, खुशियां और समृद्धि लेकर आए। इस साल दुनिया में आशा और कल्याण की भावना का वास हो।'
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी देशवासियों को नए साल की शुभकामनाएं दी है। राष्ट्रपति ने ट्वीट कर कहा 'नव वर्ष की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। नया साल, एक नई शुरुआत करने का अवसर होता है और व्यक्तिगत एवं सामूहिक विकास के हमारे संकल्प को बल देता है। कोविड-19 से उत्पन्न चुनौतियों का यह समय, हम सभी के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने का समय है। आइए, हम सब मिलकर प्रेम और करुणा की भावना से एक ऐसा समावेशी समाज बनाने की दिशा में काम करें जहां शांति और सद्भाव को बढ़ावा मिले।
मेरी कामना है कि आप सभी स्वस्थ एवं सुरक्षित रहें और नई ऊर्जा के साथ हमारे देश की प्रगति के साझा लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आगे बढ़ें।'