इस महीने मुंबई में इमारत ढ़हने का यह चौथा हादसा, अब तक 42 की हो चुकी है मौत

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के डोंगरी इलाके में मंगलवार दोपहर तकरीबन 11:40 मिनट पर बड़ा हादसा हुआ। यहां एक 4 मंजिला इमारत ताश के पत्तो की तरह ढह गई। जिसमें तकरीबन 55 लोगों के दबने की आशंका है। खबर मिल रही है कि इस बड़े हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है और 5 लोगों को मलबे से बाहर निकाल लिया है। लगातार मलबा हटाने का काम जारी है। बचाव कार्य में मदद के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल यानी एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गयी है। मिली जानकारी के मुताबिक, यह इमारत टंडेल स्ट्रीट पर स्थित है और इसका नाम 'केसरबाई' है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फण्डवीस ने कहा है कि मुझे जानकारी मिली है कि ये इमारत 100 साल पुरानी थी और इस इमारत में करीब 15 परिवार रह रहे थे। फिलहाल हमारी प्राथमिकता लोगों को मलबे से बाहर निलाकने की है।

बता दे, मुंबई में इमारत गिरने की यह पहली घटना नहीं है। विशेष कर बरसात के मौसम में यहां इमारत गिरने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इस महीने मुंबई में ऐसी यह चौथी घटना है और अब तक 42 लोगों की इसमें जान जा चुकी है। 1 जुलाई को मुंबई के कल्याण इलाके में स्कूल की दीवार गिरने से 1 बच्चा समेत 3 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि 2 जुलाई को भारी बारिश के कारण मलाड में दीवार गिरने से 18 लोगों की मौत हो गई थी।

इसी तरह की घटना 7 जुलाई को शिवाजी नगर में देखने को मिली। यहां पर घर गिर जाने से 5 लोग घायल हो गए थे। वहीं मुंबई के अलावा पुणे में हुई ऐसी ही दो घटनाओं में 21 लोगों की मौत हो गई थी। जिन घटनाओं का अभी जिक्र किया गया है, वे सभी जून के आखिरी हफ्ते या इस महीने के हैं।

दो साल पहले भी मुंबई में बरसात के समय ऐसी घटनाएं हुई थीं। 31 अगस्त, 2017 को भींडी बाजार में 117 साल पुरानी इमारत गिरने से 34 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं 25 जुलाई, 2017 को घाटकोपर इलाके में बिल्डिंग गिरने से 17 लोगों की जान चली गई थी।

बता दे, इमारत के मलबे के नीचे ज्यादातर महिलाओं और बच्चों के फंसे होने की आशंका है। गली संकरी होने की वजह से मदद पहुंचने में दिक्कत हो रही है। हालांकि स्थानीय लोग प्रशासन की पूरी मदद कर रहे हैं और घायलों को एम्बुलेंस तक ले जाया जा रहा है।