मुंबई : कोरोना वैक्‍सीन लगवाने के लिए लगी लंबी लाइन, सोशल डिस्‍टेंसिंग की उड़ी धज्जियां; VIDEO

देश भर में कोरोना वायरस से बचाव के लिए युद्ध स्तर पर लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। इस बीच मुंबई के धारावी का एक वीडियो रविवार को सामने आया है। इसमें टीकाकरण केंद्र के बाहर सैकड़ों की संख्‍या लोग वैक्‍सीन लगवाने के लिए जुटे दिखाई पड़ रहे हैं। इस दौरान लोगों के बीच ना तो सोशल डिस्‍टेंसिंग का पालन हो रहा है और अधिकांश लोगों ने फेस मास्क भी नहीं लगाए हुए थे।

समाचार एजेंसी एएनआई के वीडियो में देखा जा सकता है कि धारावी के एक टीकाकरण केंद्र के बाहर बड़ी संख्‍या में लोग खड़े हैं। केंद्र के बाहर लोगों की लंबी लाइन भी देखी जा सकती है।

बता दें कि रविवार को मुंबई में आमतौर पर टीकाकरण अभियान बंद रहता है। लेकिन रविवार को धारावी में कोरोना वैक्‍सीन के लिए खास केंद्र खोला गया था। इसकी जानकारी मिलते ही लोग बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। इस दौरान लोग सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। साथ ही फेस मास्‍क भी नहीं लगाए हैं।

बीएमसी के अनुसार यह टीकाकरण कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। उसने जानकारी दी है कि इस टीकाकरण कार्यक्रम में 50% टीका ऑनलाइन और 50% टीका आन स्‍पॉट रजिस्‍ट्रेशन के जरिये लगाया जा रहा है। इस दौरान पहली और दूसरी डोज दोनों ही लगाई जा रही है।

राज्य में मिले 6 हजार से ज्यादा मरीज

महाराष्ट्र में शनिवार को 6,269 लोग संक्रमित पाए गए। 7,332 लोग ठीक हुए और 224 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 62.58 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 60.29 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.38 लाख लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 93,479 मरीजों का इलाज चल रहा है।