इंडियन नेवी के युद्धपोत INS रणवीर में धमाका, 3 जवान शहीद, जांच के दिए गए आदेश

मुंबई में इंडियन नेवी डॉकयार्ड पर मंगलवार को युद्धपोत INS रणवीर के इंटरनल कम्पार्टमेंट में ब्लास्ट हो गया है। ब्लास्ट होने से भारतीय नौसेना (Indian Navy) के 3 जवान शहीद हो गए, जबकि 11 जवान घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को स्थानीय नेवल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हालांकि ब्लास्ट के तत्काल बाद आग को काबू कर लिया गया, जिससे जहाज को बहुत ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है।

इंडियन नेवी ऑफिशियल्स के मुताबिक, INS रणवीर ईस्टर्न नेवल कमांड से क्रॉस कोस्ट ऑपरेशनल डेप्लॉयमेंट पर निकला हुआ था और जल्द ही बेस पोर्ट पर लौटने वाला था। ब्लास्ट के कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी है। इसकी जांच के लिए एक बोर्ड ऑफ इंक्वायरी तैनात किए जाने के आदेश दिए गए हैं।

नौसेना के अधिकारी ने कहा कि जहाज के चालक दल ने तुरंत प्रतिक्रिया करते हुए स्थिति को नियंत्रण में किया। फिलहाल इस ब्लास्ट में कोई बड़े नुकसान की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि आईएनएस रणवीर में ब्लास्ट कैसे हुआ, इसकी जांच के लिए बोर्ड ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं।