मुंबई एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, एअर इंडिया के प्लेन की पुश बैक ट्रॉली में लगी आग

मुंबई एयरपोर्ट पर सोमवार को बड़ा हादसा टल गया। यहां एअर इंडिया प्लेन की पुश बैक ट्रॉली में अचानक आग लग गई। यह हादसा V26R स्टैंड पर हुआ। जिस वक्त विमान को पीछे धकेलने वाली गाड़ी में आग लगी, उस वक्त प्लेन में 85 लोग सवार थे। आग से प्लेन और उसमें बैठे यात्रियों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। वाहन में आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाया है।

बताया जा रहा है कि एयर इंडिया की फ्लाइट AIC-647 मुंबई जामनगर को पुशबैक देने वाले वाहन में अचानक आग लग गई। उस वक्त विमान पर 85 लोग सवार थे। हादसे के वक्त एयरपोर्ट पर अफरा तफरी मच गई। हालांकि, एयरपोर्ट प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए आग को जल्दी से बुझाया। इस दौरान फ्लाइट को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। विमान ने 12:04 बजे उड़ान भरी।

आपको बता दे, पुश बैक ट्रॉली मूल रूप से एक ट्रैक्टर होता है। इससे ही विमान को टैक्सी-वे से रनवे पर लाया जाता है। इससे जुड़ी एक रॉड प्लेन के नोज व्हील यानी अगले पहिए से कनेक्ट की जाती है। फिर यह प्लेन को धकेलते हुए रनवे तक पहुंचाती है। इसके बाद ट्रॉली को हटा लिया जाता है और प्लेन टेक ऑफ के लिए रनवे पर दौड़ना शुरू करता है।