गोभी और टमाटर के बाद खरीदारों को धोनी के फार्म हाउस के मीठे मटरों का इंतजार

राजधानी रांची की सब्जी मंडियों में इन दिनों क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की सब्जियों ने धूम मचा रखी है। धोनी के इजा फार्म हाउससे हर रोज ताजी सब्जियां राजधानी के बाजारों में बिकने के लिए पहुंच रही है। सब्जियों को बेचने के लिए मंडियों में कई जगहों पर आउटलेट लगाए गए हैं, जहां धोनी की तस्वीर वाले बैनर लगे हैं। इन बैनरों पर डेयरी, ताजी सब्जियों और कड़कनाथ मुर्गी के अंडे की बिक्री की जानकारी दी गई है। इन स्टॉलों पर 10 रुपए किलो गोभी तो 40 रुपए किलो तक टमाटर ग्राहकों को मिल जाते हैं। वहीं, ब्रोकली भी सिर्फ 30 रुपए की दर पर खरीदी जा सकती है।

लेकिन अब ग्राहकों को धोनी के फार्म हाउस के मीठे मटरों का इंतजार है। दरअसल, बुधवार को पहली बार माही की फेवरिट सब्जी मटर की फार्म हाउस में तोड़ाई की गई। फार्म हाउस में करीब दो एकड़ में G10 प्रजाति की मटर की खेती की गयी है।

आपको बता दे, G10 प्रजाति के इस पौधे मे करीब डेढ़ किलो तक मटर की टूट होती है। हर मटर में तकरीबन 10 से 12 तक दाने निकल जाते है और ये खाने में भी बेहद मीठे होते हैं। ऐसे में दो एकड़ में की गयी मटर की खेती की पहली तोड़ाई में तकरीबन 125 किलो पैदावार की उम्मीद लगाई जा रही है।