ब्यावर : खूनी संघर्ष में बदला जमीनी विवाद, छतों से एक दूसरे पर बरसाए ईंट-पत्थर

मंगलवार सुबह जमीनी विवाद के एक मामले में अजमेर जिले के ब्यावर के कसाबान मोहल्ला क्षेत्र में खूनी संघर्ष देखने को मिला जहां दो पक्षों के बीच में छतों से एक दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाए जा रहे थे। दोनों ओर से हुए पथराव में एक पक्ष के 6 से अधिक लोग घायल हो गए। जिन्हें तुरंत राजकीय अमृतकौर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां गंभीर रूप से घायलों को भर्ती कर लिया गया जबकि कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। इस संबंध में दोनों पक्षों की तरफ से थाने में शिकायत दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, कसाबान माेहल्ला क्षेत्र में मुस्ताक और शम्मी के परिवार के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। कुछ दिनों पूर्व भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ और दोनों पक्ष थाने पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को शांति भंग में गिरफ्तार कर लिया था। दोनों पक्षाें को शांति बनाए रखने के लिए पाबंद किया। पूर्व में भी दोनों पक्षों में मकान बनाने की बात को लेकर विवाद हो चुका है। पुलिस ने दोनों पक्षों को पाबंद किया था, लेकिन फिर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान हुए पथराव के कारण कसाबान माेहल्ला निवासी 28 वर्षीय आरिफ, 25 वर्षीय रजिया, 18 वर्षीय मोहसिन, 16 वर्षीय नगमा, 17 वर्षीय जीना, 18 वर्षीय साबिर, 14 वर्षीय सबा और 25 वर्षीय आसिफ गंभीर रूप से घायल हो गए।