जोधपुर : नशे के बदलते रूप का बढ़ रहा कारोबार, जब्त की गई 6 लाख से अधिक टेबलेट्स

पुलिस द्वारा अफीम व डोडा पोस्त के तस्करों पर कारवाई करने से अब नशे का रूप बदलने लगा हैं और टेबलेट्स की मदद ली जाने लगी हैं। आदतन नशेड़ी लोग अपनी जरुरतें पूरी करने के लिए नशीली गोलियों में विकल्प तलाश कर रहे है। इस कारण नशीली गोलियों का कारोबार तेजी से बढ़ता जा रहा है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने शनिवार को जोधपुर में एक मेडिकल स्टोर पर छापा मार नशे के विकल्प के रूप में काम ली जाने वाली छह लाख से अधिक टेबलेट्स बरामद की है।
ब्यूरो के संयुक्त निदेशक उगमदान चारण ने बताया कि सूत्रों से मिले इनपुट्स के आधार पर सरदारपुरा में स्थित रिट्समा फार्मास्यूटिकल प्राइवेट लिमिटेड के यहां छापा मारा गया। यहां से टरमाडोल(ट्रामोकान) की 2.05 लाख, टरमाडोल(थ्रीकेयर) की 58,200, अल्प्राजोलम की 2.74 लाख नेट्रीजिपॉम की 73,800 टेबलेट्स बरामद की गई। इसके अलावा1920 बोटल कोडिन फास्फेट की भी बरामद की गई। इस फर्म के संचालक ने बताया कि यह सारी टेबलेट्स गुजरात से जोधपुर लाई गई। चारण ने बताया कि नशीली दवाओं के व्यापार करने के मामले में कड़ी सजा का प्रावधान है।