कोटा : मुंह में कपड़ा ठूंस बांधे रस्सी से पैर, बेरहमी से की गई युवक की हत्या

कोटा में एक वीभत्स नजारा देखने को मिली जहां एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यहां युवक के मुंह में कपड़ा ठूंस उसके पैर बांधे गए और बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक रेलवे कॉलोनी इलाके के लक्ष्मी विहार में रहने वाला 48 वर्षीय दौलतराम हैं। गुरुवार दोपहर तक जब व्यक्ति घर के बाहर नहीं निकला तो हत्या का पता चला। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड, एफएसएल को जांच के लिए मौके पर बुलाया गया। रिश्तेदारों ने बताया कि दौलतराम घर मे अकेला रहता था। कभी-कभी वो रिश्तेदारों के यहां खाना खाता था। उसका किसी से पैसों का लेनदेन भी नहीं था न ही किसी से कोई दुश्मनी थी। पुलिस ने दौलतराम के मोबाइल को जब्त कर लिया है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

घर के जिस कमरे में दौलतराम की लाश मिली। वहां हत्यारों के साथ संघर्ष के भी निशान मिले। कमरे में रखा सामान बिखरा हुआ था। पुलिस को शक है कि हत्यारों की संख्या दो या तीन रही होगी। हत्यारों के दौलतराम से परिचित होने का भी शक है। हालांकि, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि बदमाश घर से कुछ लूट कर ले गए या नहीं? पुलिस के मुताबिक, दौलत राम की हत्या देर रात में हुई। क्योंकि, शव के आसपास पड़ा हुआ खून जम चुका था। हत्या का पता गुरुवार दोपहर 1 बजे के बाद लगा। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे घर को बाहर से लॉक करके चले गए। बदमाशों ने टीवी भी ऑन करके आवाज तेज कर दी। फिर घर का बाहर से लॉक लगाकर फरार हो गए। रात से दोपहर 1 बजे तक टीवी चालू रहा। दौलतराम के दिखाई नहीं देने पर पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया। तब घटना का पता चला।