प्रदेश में एटीएम लूट की वारदात लगातार बढ़ती जा रही हैं। ATM मशीन से लूट का एक असफल प्रयास झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी में टीटनवाड़ा गांव में देर रात देखने को मिला जहां बदमाशों ने एसबीआई के ATM को निशाना बनाया। लेकिन, वे गैस कटर से भी एटीएम मशीन को नहीं काट पाए और उनकी यह कोशिश नाकाम रही। चोरी से पहले बदमाशों ने वहां लगे CCTV भी तोड़ दिए। ATM में करीब 22 लाख रुपए कैश थे। पुलिस ने बताया कि करीब 17 मिनट दोनों बदमाश ATM में रहे। जिन्होंने मशीन तोड़ने की काफी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। भरपूर कोशिश के बावजूद मशीन में रखे 22 लाख रुपए वे लूट नहीं सके।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह टीटनवाड़ा गांव में एक युवक ने ATM का ताला टूटा देख बैंक कर्मचारियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना मिली। सुबह करीब साढ़े 9 बजे CI देवीसिंह घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद ATM में लगे CCTV फुटेज खंगाले गए। इसमें एक एक व्यक्ति गैस कट्टर से एटीएम काटता नजर आ रहा है। वहीं, दूसरा व्यक्ति पहरा दे रहा है। दोनों ने अपने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था।आसपास लगे CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई। दोनों कौनसी गाड़ी के जरिए मौके पर पहुंचे, इसकी भी जांच की जा रही है। साथ ही CCTV के आसपास रास्तों पर लगे CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मौके पर झुंझुनूं से एमओबी टीम भी पहुंची।