मायावती का प्रियंका गांधी पर पलटवार, कहा - दूसरों पर चिंता व्यक्त करने के बजाए कांग्रेस स्वयं अपनी स्थिति पर आत्म-चिंतन करे

नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (NRC) को लेकर कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर प्रियंका गांधी ने SP-BSP पर जमकर हमला बोला। जिसके जवाब में बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने कहा कि कि कांग्रेस को सत्ता में रहते वक्त जनता के हितों की याद क्यों नहीं आई। उन्होंने कहा कि दूसरों पर चिंता व्यक्त करने के बजाए कांग्रेस स्वयं अपनी स्थिति पर आत्म चिंतन करती तो बेहतर होता। अपने पहले ट्विट में मायावती ने कहा कि कांग्रेस आज अपनी पार्टी के स्थापना दिवस को भारत बचाओ, संविधान बचाओ के रूप में मना रही है। इस मौके पर दूसरों पर चिंता व्यक्त करने के बजाए कांग्रेस स्वयं अपनी स्थिति पर आत्म-चिंतन करती, तो यह बेहतर होता, जिससे निकलने के लिए उसे अब किस्म-किस्म की नाटकबाजी करनी पड़ रही है।

वही दूसरे ट्वीट में मायावती ने लिखा कि भारत बचाओ, संविधान बचाओ की याद कांग्रेस को तब क्यों नहीं आई जब वह सत्ता में रहकर जनहित की घोर अनदेखी कर रही थी, जिसमें दलितों, पिछड़ों व मुस्लिमों को भी उनका संवैधानिक हक नहीं मिल पा रहा था, जिसके कारण ही आज बीजेपी सत्ता में बनी हुई है, तभी फिर BSP को भी बनाने की जरूरत पड़ी।

दरअसल, कांग्रेस के 135वें स्थापना दिवस के मौके पर प्रियंका गांधी ने लखनऊ में एक कार्यक्रम में कहा कि यूपी में दूसरी विपक्षी पार्टियां कुछ नहीं कर रही हैं, वो डर रहे हैं। हमको अकेले लड़ना है, हम किसी से नहीं डरेंगे। प्रियंका ने कहा कि इस प्रदेश को हम मजबूत बनाएंगे। देश के लिए मिसाल होना चाहिए कि उत्तर प्रदेश को बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी खड़ी रही। प्रियंका गांधी ने कहा आज भी हम उसी से लड़ रहे हैं, जिससे हम आजादी के समय लड़े थे। जिन्होंने आजादी के संघर्ष में कोई योगदान नहीं दिया वे देशभक्त बनकर देशभर में भय फैलाना चाहते हैं। देशभक्ति के नाम पर लोगों को डराया जा रहा है।