छत्तीसगढ़ : पत्नी की हत्या करने के बाद पति ने की खुदकुशी, घर से 15 किमी दूर मिले दोनों के शव

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में तब सनसनी मच गई जब शुक्रवार सुबह पति और पत्नी का शव उनके घर से 15 किमी दूर मिला। महिला का शव जमीन में पड़ा हुआ था, जबकि पति की लाश पेड़ से लटकी हुई थी। प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा हैं कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुदकुशी कर ली। मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से परिवार में विवाद चल रहा था। इसके चलते पति-पत्नी में भी मनमुटाव हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते दंपती के बीच मन-मुटाव चल रहा था।

जानकारी के मुताबिक, ठाकुर टोला निवासी महेश्वर वर्मा (32) और उसकी पत्नी संगीता वर्मा (25) का शव ग्राम अछोली में मिला है। संगीता के शव के पास ही महेश्वर की बाइक खड़ी थी। उसके नामक से खून निकल रहा था। वहीं महेश्वर का शव पेड़ पर रस्सी से लटका था। महेश्वर परिवार सहित माता-पिता और भाइयों के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि विवाद का कारण ज्वाइंट फैमिली में होना था।

संगीता अपने पति के साथ अलग रहना चाहती थी, लेकिन महेश्वर इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इस पर संगीता अपने मायके बोरतालाब चली गई। इस पर महेश्वर गुरुवार को ही संगीता को मनाकर लाया था। पुलिस को अंदेशा है कि इसके बाद महेश्वर बाइक पर संगीता को लेकर निकला और गला दबाकर हत्या के बाद खुद भी फांसी लगा ली।