नागौर : सुबह उठी पत्नी तो देखा खून से लथपथ पड़ा पति का शव, किसी को हादसे की भनक तक नहीं

नागौर के मुंडवा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जिसमें एक व्यक्ति की घर में हत्या हो गई और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। मरने वाला पुजारी के परिवार का ही सदस्य था। मंगलवार सुबह लोग उठे तो बिस्तर पर युवक को मृत पाया। तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद मुंडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

मृतक का नाम सुरेश (40) बताया जा रहा है। वह रात को पशुओं को चारा खिलाने गया था। इसके बाद रात को घर के बरामदे में चारपाई पर सो गया। इसके बाद उसकी पत्नी ने सुबह उठकर देखा तो सुरेश खाट पर खून से लथपथ मिला। चारपाई के आसपास भी काफी खून बिखरा हुआ पड़ा था। यह दृश्य देखकर उसके होश फाख्ता हो गए। वह जैसे ही चिल्लाई तो परिवार के सदस्य मौके पर दौड़कर आए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सुरेश पुजारी परिवार का सदस्य था, जो तालाब किनारे मंदिर से सटे हुए घर में रहता था। भीतर के कमरे में मृतक सुरेश की पत्नी तथा चार बच्चे सोए हुए थे। जबकि, वह बाहर सोया हुआ था। इसके अलावा उसके भाई एवं अन्य सदस्य पास ही कमरे में थे। इसके बावजूद किसी को उक्त वारदात की भनक तक नहीं लगी।प्रथम दृष्टया तीन-चार बार चाकू से हमला करने के निशान मिले हैं। हालांकि, अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस जांच के बाद हकीकत स्पष्ट हो जाएगी। मौके पर पुलिस की विभिन्न टीमें एवं अधिकारी अनुसंधान में जुटे हुए हैं। इसके अलावा परिवार के सदस्यों एवं ग्रामीणों से पूछताछ भी की जा रही है। बावजूद अभी तक वारदात को लेकर किसी तरह का सुराग हाथ नहीं लगा है।