बिजली विभाग की लापरवाही और घर के बाहर से जाती हाई वोल्टेज तारों की वजह से कई बार हादसे होते हैं। ऐसा ही एक हादसा शनिवार को चित्तौड़गढ़ में देखने को मिला जहां 11 केवी का तार बाइक सवार पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद लोगों ने घटना के विरोध में चित्तौड़गढ़ रावतभाटा मार्ग जाम कर दिया गया है। जो शव को लेकर मौके पर ही बैठ गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। एक महीने के अंदर बिजली विभाग की लापरवाही से दूसरी बार ऐसा हादसा हुआ है। 11 दिसंबर को बांसवाड़ा में एक स्कूटी सवार लड़की हाई पावर केबल गिरने से जिंदा जल गई थी।
जानकारी अनुसार, शनिवार सुबह लगभग 10:00 बजे बाइक सवार प्रतापपुरा से बोराव जा रहा था। इस दौरान अचानक 11 केवी की बिजली लाइन टूट कर सड़क पर गिर गई। जिसकी चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान शिवलाल सेन (24) के रूप मे हुई है। जो प्रतापपुरा का रहने वाला था। आक्रोशित लोग और दुकानदार इसे बिजली विभाग की लापरवाही बता रहे हैं।युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर जाम लगा दिया है। घटना के विरोध में बोराव कस्बे को भी बंद कर दिया गया है। लोगों का आरोप है कि जब करंट फैल रहा था तो लोगों ने फोन कर ग्रिड स्टेशन पर सूचित किया लेकिन बिजली बंद नहीं की गई। घटना के बाद लोग ग्रिड स्टेशन पर गए। इस दौरान कर्मचारी वहां से भाग गए। मृतक के परिजनों का रो-रोकर हाल बुरा है। क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई है। रावतभाटा चित्तौड़गढ़ स्टेट हाईवे पर दोनों और वाहनों की लंबी कतार लगी।