एमएस धोनी के माता-पिता कोरोना पॉजिटिव, अस्‍पताल में भर्ती

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी के पिता पान सिंह धोनी और माता देवकी देवी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दोनों को रांची के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महेंद्र सिंह धोनी फिलहाल IPL में चेन्‍नई सुपर किंग्‍स की कप्‍तानी कर रहे हैं। डॉक्टर्स के मुताबिक, दोनों की स्थिति अभी ठीक है। उनका ऑक्सीजन लेवल भी अभी सामान्य है। सीटी स्कैन कराया गया है, जिससे मालूम चलता है कि अभी संक्रमण फेफड़ों तक नहीं पहुंचा है। डॉक्‍टर्स ने उम्मीद जताई है कि अगले कुछ दिनों में धोनी के पिता पान सिंह और माता देविका देवी संक्रमण मुक्त हो जाएंगे।

बता दें कि झारखंड में कोरोना वायरस के कारण फैला संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। अनियंत्रित हालात पर नियंत्रण पाने के लिए झारखंड सरकार ने प्रदेश में लॉकडाउन लगाने का ऐलान कर चुकी है।

झारखंड में कोरोना वायरस का कहर जारी है और इस बीच राज्‍य सरकार ने कोरोना चेन को तोड़ने के लिए एक सप्ताह का लॉकडाउन लगा दिया है। इसे 'स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह' का नाम दिया गया है। सरकार ने 22 अप्रैल सुबह 6 बजे से 29 अप्रैल सुबह 6 बजे तक के लिए राज्य में लॉकडाउन लगाने की घोषणा की है।