महाराष्ट्र: सौतेली मां ने मासूम को गर्म तवे पर किया खड़ा, झुलस गए पैर

महाराष्ट्र के बुलढाणा ज़िले से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां, एक सौतेली मां ने 9 साल के मासूम को गर्म तवे पर खड़ा कर दिया, जिसके चलते उसके दोनों पैर बुरी झुलस गए। मासूम बीते कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती है। दरअसल, बुलढाणा ज़िले के जवलाबाजर के 9 वर्षीय मासूम का झुलसे हुए पैरों वाला फोटो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें मासूम के पैर के तलवों पर पट्टी बंधी हुई दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि यह बच्चा अपनी सौतेली मां के साथ रहा रहता था। लेकिन किसी बात से नाराज होकर उसने मासूम को गर्म तवे पर खड़ा कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी महिला पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित मासूम के मामा ने 26 दिसंबर को बुलढाणा के बोरखेड़ी पुलिस स्टेशन में सौतेली मां के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा कि उसके भांजे को सौतेली मां ने गर्म तवे पर खड़ा किया, जिसके कारण उसके पैर झुलस गए और पिछले कुछ दिनों से उसका सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल अभी बच्चे की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन उसके दोनों पैरों के तलवे बुरी तरह झुलस गए हैं। अभी वह चल फिर नहीं सकता। वहीं, पुलिस ने पीड़ित बच्चे के मामा की शिकायत के आधार पर आरोपी सौतेली मां के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।