महाराष्ट्र पुलिस में कोरोना, आज 3 की हुई मौत, कुल 2211 संक्रमित

महाराष्ट्र में गुरुवार तक कोरोना के कुल 59,546 केस सामने आ चुके हैं। राज्य में अब तक 1982 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि करीब 18 हजार लोग कोरोना वायरस को मात देकर ठीक भी हो चुके हैं। मुंबई में गुरुवार को संक्रमण के 1438 नए मामले सामने आने के साथ ही महानगर में संक्रमण का आंकड़ा 35 हजार पार कर गया, जबकि इस महामारी से 38 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 1100 से अधिक हो गई है।
वहीं, महाराष्ट्र में कोरोना से लड़ाई में फ्रंट पर तैनात पुलिसकर्मियों में संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को भी तीन पुलिसवालों की संक्रमण से मौत हो गई। इसे लेकर राज्य में अब तक 25 पुलिसकर्मियों की संक्रमण से जान जा चुकी है। इनमें से 16 पुलिसवाले सिर्फ मुंबई के थे। वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे राज्य में 116 नए पुलिसकर्मी संक्रमित हुए हैं। इसे जोड़कर राज्य में अब कुल 2211 पुलिसवाले संक्रमण का शिकार हो चुके हैं। इनमें से 1303 सिर्फ मुंबई से हैं।

धारावी में 1715 मामले

मुंबई के धारावी में आज मौत का एक भी मामला सामने नहीं आया है। वहीं, 41 लोग पॉजिटिव पाए गए। यहां संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 1715 हो गई है। एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्तियों में से एक धारावी में 6.5 लाख से अधिक लोग 2.5 वर्ग किमी के क्षेत्र में रहते हैं।