महाराष्ट्र / 400 साल पुराने पेड़ के लिए नितिन गडकरी ने बदला हाईवे का नक्शा

महाराष्ट्र (Maharashtra) के सांगली जिले के भोसे गांव का 400 साल पुराना बरगद का पेड़ एक बार फिर चर्चा में है। दरअसल इस पेड़ को काट कर रोड बनाई जा रही थी लेकिन पर्यावरणवादी कार्यकर्ताओं ने इसका पुरजोर विरोध किया। सोशल मीडिया से शुरू हुई विरोध की आवाज शुक्रवार को महाराष्ट्र के पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे के कार्यालय तक पहुंच गई तो उन्होंने तुरंत एक्शन लेते हे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से बात की और इस पेड़ को बचाने की मांग की। आदित्य ठाकरे से बात करने के बाद नितिन गडकरी ने इस पेड़ को बचाने के लिए हाइवे के नक्शे में ही बदलाव करके ये प्रोजेक्ट पूरा करने का आदेश दिया है।

बता दें कि निर्माणाधीन रत्नागिरी- नागपुर हाइवे नंबर 166 सांगली जिले के भोसे गांव के पास से गुजर रहा है। इस हाइवे के रास्ते में 400 साल पुराना एक बरगद का पेड़ आ रहा था, जिसे हटाने की तैयारी चल रही थी। सांगली के पर्यावरणवादी कार्यकर्ता पेड़ काटने का विरोध कर रहे थे। सोशल मीडिया के जरिए इस विरोध की जानकारी महाराष्ट्र के पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे तक जा पहुंची और उन्होंने इसमें दखल दिया। आदित्य ठाकरे ने इस संबंध में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से बात की और पेड़ बचाने की गुजारिश की। नितिन गडकरी ने अपने विभाग के अधिकारियों से इस मसले पर बात की है और हाइवे के नक्शे में तब्दीली कर इस 400 साल पुराने पेड़ को बचाने को कहा।