मुंबई में दूसरी लहर के पीक को पार कर गए नए कोरोना केस, हर तीसरा व्यक्ति मिल रहा संक्रमित

भारत में कोरोना की तीसरी लहर शुरू हो गई हैं। 24 घंटे में संक्रमण के 1,17,100 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 302 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 36,265 नए केस समे आए तो बीते 8 महीनों का उच्चतम स्तर है। इससे पहले 14 मई को राज्य में 39,923 केस थे।मुंबई में 20,181 नए केस पाए गए हैं, जो डेल्टा वैरिएंट के चलते आई दूसरी लहर के पीक में मिले 11,206 केसों के मुकाबले 75% ज्यादा हैं। यही नहीं मुंबई का डेली पॉजिटिविटी रेट भी तेजी से बढ़ते हुए 30% हो गया है। इसका अर्थ यह हुआ कि मुंबई में जिन लोगों की कोरोना टेस्टिंग की जा रही है, उनमें से हर 3सरा शख्स संक्रमित मिल रहा है। चिंता की बात यह है कि एशिया के सबसे बड़े स्लम एरिया कहे जाने वाले धारावी में भी कोरोना का विस्फोट हो रहा है। गुरुवार को धारावी में एक ही दिन में 107 नए केस पाए गए हैं। कोरोना की शुरुआत के दौर से अब तक धारावी में एक दिन में मिले केसों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है।

महाराष्ट्र में कोरोना के तेजी से बढ़ रहे आंकड़े डराने वाले हैं, लेकिन राहत की बात यही है कि अस्पताल में भर्ती होने वाले लोगों की संख्या अब भी कम है। यही वजह है कि सरकार बहुत ज्यादा पाबंदियां लगाने पर विचार नहीं कर रही है। मुंबई में फिलहाल 32 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। अब तक 502 बेड पर मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा शहर में ओमिक्रॉन के 57 मामले पाए गए हैं।। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा, 'लोकल ट्रेनों को बंद करने पर फिलहाल कोई विचार नहीं चल रहा है। इसके अलावा एक से दूसरे जिले में जाने को लेकर भी कोई पाबंदी लगाने पर विचार नहीं चल रहा है।' हालांकि मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा था कि यदि शहर में 20,000 से ज्यादा नए कोरोना केस मिलते हैं तो फिर लॉकडाउन लगाया जा सकता है।