महाराष्ट्र ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक दिन में 9.36 लाख लोगों का किया वैक्सीनेशन

महाराष्ट्र में शनिवार के दिन शाम सात बजे तक रिकॉर्ड 9 लाख 36 हजार लोगों का वैक्सीनेशन हुआ। एक दिन में इतनी ज्यादा तादाद में वैक्सीनेशन का यह अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। इस काम के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने राज्य के स्वास्थ्य विभाग का अभिनंदन किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर राज्य के पास सही मात्रा में वैक्सीन का स्टॉक रहा तो इस तरह बड़ी संख्या में लोगों को वैक्सीनेशन किया जा सकता है।

राजेश टोपे ने कहा कि महाराष्ट्र एक दिन में लगभग 10 लाख लोगों के वैक्सीनेशन की क्षमता रखता है और इसके बाद भी इसी तरह से बड़ी संख्या में वैक्सीनेशन के लिए राज्य का स्वास्थ्य विभाग कोशिश करता रहेगा।

राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ। प्रदीप व्यास ने कहा कि शनिवार शाम 7 बजे तक दिन भर में 9 लाख 36 हजार नागरिकों का वैक्सीनेशन हुआ। यह तादाद अभी और बढ़ाई जा सकती है। इससे पहले 3 जुलाई को 8 लाख 11 हजार लोगों का वैक्सीनेशन किया गया था। शनिवार को महाराष्ट्र ने एक बार फिर सर्वाधिक आंकड़ा का एक नया खिताब अपने नाम कर लिया।