मुंबई की एक इमारत में लगी भीषण आग, 2 लोगों की मौत, फायर बिग्रेड की 7 गाड़ियां मौके पर मौजूद

मुंबई के उपनगरीय इलाके कांदिवली (पश्चिम) में स्थित 15 मंजिला एक इमारत में शनिवार रात भीषण आग लग गई। प्राप्त जानकारियों के मुताबिक आग रात साढ़े आठ बजे लगी। आग लगने का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस इमारत में अब तक दो लोगों की मौत होने की खबर है। दोनों जख्मी व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाया गया है।

नगर निकाय के एक अधिकारी ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि मथुरादास रोड पर स्थित 'हौसा हेरिटेज' इमारत की 14वीं मंजिल पर रात साढ़े आठ बजे आग लगी। अधिकारी ने कहा, 'पुलिस, दमकल की 7 गाड़ियां और अग्निशमन विभाग के कर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। आग लगने की जांच की जा रही है।'

मेयर किशोरी पेडणेकर ने घटना स्थल पर पहुंच कर स्थतियों का जायजा लिया। उन्होंने फायर ब्रिगेड की टीम से सारी जानकारियां हासिल कीं। इमारत में रहने वालों द्वारा बताए गए तथ्यों के आधार पर कहा जा रहा है कि दीवाली के लिए लगाए गए दीये से यह आग फैल गई।