प्रेमी के साथ मिलकर महिला ने करी अपनी पति की हत्या, 6 साल की बच्ची ने खोला राज

मुंबई के पश्चिमी उपनगर के दहिसर इलाके से पत्नी द्वारा प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने का चौकाने वाला मामला सामने आया है। महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पहले अपने पति की हत्या की और फिर घर के किचन में गड़्ढा खोदकर पति का शव गाड़ दिया। महिला की छह साल की बच्ची ने अपने पिता की हत्या की साजिश को देख लिया और घर के दूसरे लोगों को बता दिया। इसके बाद आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला का प्रेमी फिलहाल फरार है।
महिला का नाम राशिदा शेख और प्रेमी का नाम अमित मिश्रा है। महिला की उम्र 28 साल है। इस महिला का प्रेमी फिलहाल फरार है। पुलिस द्वारा उस फरार ब्वॉय फ्रेंड की खोज शुरू है। दहिसर पुलिस थाने में इस प्रकरण को लेकर आगे की तफ्तीश जारी है।

मुंबई के दहिसर पूर्व में रावलपाड़ा में यह घटना 12 दिनों पहले की है। यहं खान कंपाऊंड में रहने वाले रइस शेख काफी दिनों से दिखाई नहीं दे रहे थे। 25 मई को उनके दोस्तों ने इस बात की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन करनी शुरू की। लेकिन काफी तहकीकात के बाद भी उनका कहीं कुछ पता नहीं चल रहा था। ऐसे में रइस शेख की खोज खबर लेने उनके भाई मुंबई आए। उन्होंने भी अपने भाई के बारे पूछताछ शुरू की। सच्चाई तब जाकर पता चली जब संबंधित महिला की छह साल की बच्ची ने अपने काका को बताया कि उसकी मां ने ही उसके पिता को मार कर किचन में गाड़ दिया है। उसने बताया कि धारदार हथियार से हत्या की गई है।

हैरत की बात यह है कि जिस घर के किचन में महिला ने अपने पति का शव गाड़ दिया था उसके ऊपर उसने टाइल्स बिछा दी। इसके बाद यह महिला घर में इस तरह से रह रही थी, जैसे कभी कुछ हुआ ही नहीं।

पुलिस पूछताछ में जब छह साल की बच्ची ने यह बताया कि उसकी मां ने ही उसके पिता को मार कर किचन में गाड़ दिया है, तब जाकर इस घटना का खुलासा हुआ। महिला के पति एक कपड़े की दुकान में सेल्समैन के तौर पर कार्यरत थे।