महाराष्ट्र की राजनीति में लंबे सस्पेंस के बाद आज देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। हालांकि, शपथ ग्रहण से पहले शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने नई सरकार के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। शिंदे डिप्टी सीएम बनने को तैयार हैं, लेकिन गृह मंत्रालय की मांग पर अड़े हुए हैं।
शिंदे की भूमिका पर संशयएकनाथ शिंदे को डिप्टी सीएम बनाने का ऐलान पहले ही हो चुका है, लेकिन सरकार में उनकी सटीक भूमिका अभी तय नहीं हुई है। शिवसेना ने औपचारिक पत्र के जरिए फडणवीस सरकार को समर्थन दिया है, लेकिन शिंदे की मांगों ने स्थिति को पेचीदा बना दिया है।
क्या चाहते हैं शिंदे?शिंदे न केवल गृह मंत्रालय बल्कि शिवसेना के लिए 12 अन्य विभाग भी चाहते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री पद न मिलने की भरपाई के तौर पर वह गृह विभाग की जिम्मेदारी चाहते हैं। शिवसेना नेताओं का कहना है कि यह पद शिंदे की स्थिति को मजबूत करेगा। अगर फडणवीस गृह मंत्रालय छोड़ने को तैयार नहीं होते, तो शिंदे को शहरी विकास, राजस्व, या ऊर्जा विभाग दिया जा सकता है।
गृह विभाग के पीछे शिंदे का तर्कशिवसेना के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि शिंदे ने पहले भी पुलिस, नागरिक प्रशासन और शहरी विकास जैसे मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली है। मुख्यमंत्री रहते उन्होंने सरकार पर अपना दबदबा बनाए रखा था। अब फडणवीस के प्रभाव वाली सरकार में शिंदे गृह मंत्रालय जैसी महत्वपूर्ण भूमिका चाहते हैं।
फडणवीस आज लेंगे शपथदेवेंद्र फडणवीस आज मुंबई के आजाद मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में एनडीए के कई नेता और मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे।
सूत्रों के अनुसार, एकनाथ शिंदे और एनसीपी नेता अजित पवार भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। महायुति सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद यह शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो रहा है।