उदयपुर के हिरणमगरी सेक्टर 4 में चिटफंड कंपनी का ऑफिस खोलकर प्रतापगढ़ के दो बदमाश लंबे समय से लोगों से ठगी कर रहे थे। अब तक वे प्रतापगढ़, मंदसौर के 200 से ज्यादा लोगों से एक करोड़ की ठगी कर चुके हैं। पुलिस पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि ठगी के रुपए वे मौज-शौक और पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने में खर्च कर रहे थे। महंगी ड्रेसें, जूते और घड़ियां पहनते और खाने-पीने पर रुपए खर्च कर देते थे। बदमाशों ने किसी से दो लाख तो किसी से चार लाख और किसी से 6 लाख रुपए ठगे। दोनों बदमाश इतने शातिर हैं कि इन्होंने कंपनी के आयकर नंबर, जीएसटी नंबर लेकर इसका रजिस्ट्रेशन भी करवा रखा था। लोगों को इन्हीं रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर झांसे में लेते थे।
7 दिसंबर को प्रतापगढ़ शहर की वैलोसिटी निवासी तहसीन उल्ला अंसारी ने ईश्वर लाल और प्रितेष के खिलाफ कोतवाली में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया था। रिपोर्ट के अनुसार दोनों बदमाशों ने उससे साढ़े 6 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है। उसने प्रितेश दोषी के खाते में रुपए नगद और ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसकी एवज में बदमाशों ने 1880 रुपए प्रति माह उसके खाते में भुगतान की बात कही और इस राशि के चेक भी दिए, लेकिन दोनों अब भुगतान में आनाकानी कर रहे हैं। चेक बैंक से बाउंस हो गए।कोतवाली थाना पुलिस की जांच में सामने आया कि प्रतापगढ़ के साथ मंदसौर और आसपास के गांवों से भी आरोपियों ने चिटफंड कंपनी से लोगों से लाखों रुपए हड़पे थे। बदमाश एक करोड़ रुपए से भी ज्यादा अपने खातों में नगद या ऑनलाइन ट्रांसफर करवा चुके हैं। पुलिस ने पूछताछ और जांच के दौरान इनके बैंक स्टेटमेंट, कंपनी के रजिस्ट्रेशन और अन्य दस्तावेज जब्त किए।