लखनऊ विवेक हत्याकांड : सीएम केजरीवाल के बयान पर विवेक तिवारी की पत्नी ने कहा - 'इतने समझदार होकर ऐसा कैसे कह सकते हैं...'

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एप्पल कंपनी के सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी को गोली मारने का मामला अब सियासी रूप ले चुका है। विवेक की मौत को दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल के सांप्रदायिक रंग देने पर मृतक की पत्नी ने उन्हें फटकार लगाई है। केजरीवाल के विवादित ट्वीट पर मृतक विवेक तिवारी की पत्नी ने कहा, वो (केजरीवाल) इतने समझदार होकर ऐसा कैसे कह सकते हैं। उन्होंने कहा, केजरीवाल इतने गंभीर व्यक्ति होकर ऐसी बात कैसे बोल सकते हैं। मुझे बस समर्थन चाहिए। यह कोई जातिवाद का मामला नहीं है और हर चीज का जातिवाद से नहीं जोड़ना चाहिए।

इतना ही नहीं पत्नी कल्पना तिवारी ने कहा पीएम मोदी की बीजेपी सरकार में कभी जातिवाद को बढ़ावा नहीं मिला है और उनकी सरकार हर तबके का ख्याल रखती है।

क्या कहा था केजरीवाल ने


गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उत्तर प्रदेश में एक सिपाही के एप्पल के एक अधिकारी की हत्या को लेकर रविवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की आलोचना की और कहा भगवा दल हिंदुओं के हितों की भी रक्षा नहीं कर सकता। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता ने कई सारे ट्वीट में कहा कि जब बीजेपी हिंदुओं की रक्षक होने का दावा करती है तो क्यों विवेक तिवारी की हत्या हुई, जबकि वह तो एक हिंदू थे।

केजरीवाल ने कहा, 'विवेक तिवारी एक हिंदू थे। तो उनकी हत्या क्यों हुई? भाजपा हिंदुओं की शुभचिंतक नहीं है। अगर उन्हें सत्ता हासिल करने के लिए सभी हिंदुओं को मारना हो तो वे सोचने में दो मिनट भी नहीं लगाएंगे।" केजरीवाल ने तिवारी की पत्नी से फोन पर बात भी की है।'

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने भी केजरीवाल को घेरा

वहीं, दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इसे अरविंद केजरीवाल की ओछी सोच करार दिया। तिवारी ने ट्वीट किया, 'आप कार्यकर्ता केजरीवाल की ओछी सोच देख लो।' दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि विवेक तिवारी की हत्या हुई है, कसूरवार को सजा मिलेगी, हम उसके परिवार के साथ खड़े हैं।