राजधानी में छाया बेखौफ बदमाशों का साया, तमंचा दिखाकर लखनऊ से घूमने आए परिवार संग की लूट

राजस्थान की राजधानी जयपुर में आए दिन लूट की वारदात सामने आ रही हैं। राजधानी में बेखौफ बदमाशों का साया छाने लगा हैं। बीते दिन लखनऊ से परिवार के साथ घूमने आए फर्नीचर व्यापारी के साथ लूट का मामला सामने आया है। यहां रात करीब 10 बजे कुछ बदमाशों ने व्यापारी के ड्राइवर के साथ तमंचा दिखाकर मारपीट की और फिर कार लूट ले फरार हो गए। पुलिस ने मामले में नाकाबंदी करवाई हैं, लेकिन फिलहाल कोई सूचना नहीं मिल पाई है।
मामला सांगानेर सदर थाना इलाके के चौखी ढ़ाणी का है। फर्नीचर व्यापारी मनोज कुमार सिंह पत्नी, दो बेटियां और एक बेटे के साथ यूपी के लखनऊ में बरिगवा से 18 मार्च को घूमने आए थे। वे यहां पर शॉपिंग और रेस्टोरेंट के जायके का आनंद ले रहे थे। 20 मार्च को रात आठ बजे वे टोंक रोड पर चोखी ढाणी रेस्टोरेंट में गए थे। पार्किंग में स्कार्पियों खड़ी कर उसमें ड्राइवर राजकुमार बैठा हुआ था। राजकुमार ने रात को 10:03 मिनट पर कॉल किया। ड्राइवर ने बताया कि तीन लड़कों ने शीशा खटखटाया। शीशा नीचे करते ही एक युवक ने उसके थप्पड़ मारा। इसके बाद उसके मुंह में तमंचा डाल दिया। इसके बाद दूसरे युवक कार में घुस गए। कार में घुसे युवक ने सिर में तमंचे के बट से मारा। जिससे उसके चोट आई। इसके बाद उसको कार में डालकर रेस्टोरेंट के दूसरे गेट की तरफ ले गए। वहां पर ड्राइवर को ​नीचे फेंक दिया।पीड़ित परिवार का कहना है कि पार्किंग में कई और महंगी कारें थी, लेकिन बदमाशों ने उनकी ही कार क्यों लूटी। जबकि, सांगानेर सदर थाना पुलिस का कहना है कि इलाके से एक बोलेरो कार भी लूटी गई है। पता लगाया जा रहा है कि ​लूट की वारदात करने वाली गैंग कौन सी है। पीड़ित परिवार ने बताया कि शॉपिंग करने और खाने के सामान गाड़ी में ही थे। यहां तक की ड्राइवर का फोन भी गाड़ी में ही रह गया। बदमाशों ने गाड़ी में ड्राइवर राजकुमार को रेस्टारेंट के दूसरे दरवाजे की तरफ ले जाकर कार से निकाल दिया। इसके बाद उसने अंदर खाना खा रहे व्यापारी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद 100 नंबर पर कॉल करके पुलिस को बताया।