1971 के एजेंडे पर चुनाव लड़ना चाहती कांग्रेस, आज का भारत बदल चुका है : अरुण जेटली

वित्त मंत्री अरुण जेटली (Arun Jaitley) अक्सर अपने ब्लॉग (Arun Jaitley Blog) के जरिए कांग्रेस पर हमला बोलते रहते है। इसी कड़ी में एक बार फिर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए जेटली ने कहा कि चुनाव 2019 में हो रहा है और कांग्रेस 1971 के एजेंडे पर चुनाव लड़ना चाहती है। अरुण जेटली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज से 48 साल पीछे है। आज का भारत बदल चुका है, आज का भारत नकारात्मक सोच की जगह सकारात्मक सोच में विश्वास करता है। आज का भारत राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी और टीडीपी के नकारात्मक सोच से इत्तेफाक नहीं रखता है। आज का भारत सनकी और खुद को कोसने वाली राय से दूर है। जेटली बताते हैं कि एनडीए भारत के पूर्वी इलाकों के साथ साथ कर्नाटक में बेहतर प्रदर्शन कर रही है। अरुण जेटली ने कहा कि आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में क्षेत्रीय दलों के उभार की वजह से कांग्रेस पूरी तरह धुलवे के कगार पर है। अगले चार चरणों के चुनाव बीजेपी और कांग्रेस के बीच होने जा रहा है। सच ये है कि कांग्रेस न तो क्षेत्रीय दलों का मुकाबला कर सकती है और न ही बीजेपी का। लिहाजा अगले चरणों के चुनाव में सिर्फ जीत के अंतर का महत्व है। क्या यह 2014 के नतीजों का दोहराव होगा या हम लोग 2014 से बेहतर नतीजे हासिल करेंगे। अभी तक के चरणों में जो रुझान दिखाई दे रहा है उससे साफ है कि हम एक बड़े बहुमत के साथ एक बार फिर सरकार बनाने जा रहे हैं। इस दफा जेटली के ब्लॉग का शीर्षक है क्या कांग्रेस ने हाथ खड़े कर दिए हैं।

राफेल मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए जेटली ने कहा कि पिछले एक वर्ष में इस पर केवल झूठ बोला गया है। आप देख सकते हैं कि किस तरह से इस मुद्दे पर झूठ बोलने की वजह से राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगनी पड़ी और इस वजह से उनकी विश्वसनीयता खतरे में पड़ गई। झूठ का कोई आधार नहीं होता है और वो धुएं की तरह उड़ जाता है।