अजमेर : होटल संचालक पर रसद विभाग की कारवाई, सस्ता बेचकर भी 10 रुपए प्रति लीटर डीजल कमा रहा था

शहर में सस्ता डीजल बेचने का मामला सामने आया जिसपर रसद विभाग की ओर से होटल संचालक पर कारवाई की गई। बाजार से सस्ता डीजल बेचकर भी होटल संचालक दस रुपए प्रति लीटर कमा रहा था। रसद विभाग ने दबिश देकर 1615 लीटर डीजल व उपकरण पकडे़ थे। रसद प्रवर्तन अधिकारी अब्दुल सादिक ने बताया कि फिलहाल डीजल व उपकरण जब्त कर लिए गए है और नोटिस जारी करवाकर होटल मालिक से जवाब मांगा जाएगा। जवाब आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुखबिर से मिली सूचना पर रसद प्रवर्तन अधिकारी अब्दुल सादिक, प्रवर्तन निरीक्षक योगेश मिश्रा, खान मोहम्मद खान, राहुल भावेरिया ने भिनाय के निकटवर्ती गांव खेड़ी स्थित बटाला होटल पर दबिश देकर 1615 लीटर डीजल जब्त किया। गुरुदासपुर पंजाब निवासी हरविंदर सिंह के होटल से 14 जरीकेन, 3 ड्रम व एक टंकी में डीजल भरा मिला। रसद विभाग ने डीजल व उपकरण जब्त कर लिए।होटल संचालक ने पूछताछ में बताया कि वह पंजाब व हरियाणा के ट्रक चालकों से डीजल 80 से 85 रुपए प्रति लीटर खरीद लेता था। बाद में इस डीजल को 90 से 95 रुपए प्रति लीटर बेच देता था। बाजार में डीजल की रेट करीब 98 रुपए लीटर है। ऐसे में सस्ता बेचने के बावजूद उसके दस रुपए प्रति लीटर बच जाते थे।