KXIP vs MI : दोनों ही टीम हारी हैं अपना पिछला मुकाबला, जानें कौन पड़ेगा किस पर भारी

आज अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में आईपीएल के 13वें सीजन का 13वां मुकाबला खेला जाना हैं। यह मुकाबला मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच होना हैं। दोनों ही टीम अपना पिछला मुकाबला हारी हैं और आज जीत पाना चाहेगी। पंजाब को 223 रन के बड़े स्कोर के बावजूद राजस्थान से हार झेलनी पड़ी थी। वहीँ मुंबई को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से सुपर ओवर में हार मिली। आज दोनों टीम पिछली हार के गम को भुलाकर नए जोश के साथ मैदान पर उतरेगी और जीत पाकर अंकतालिक में अपने पॉइंट्स बढ़ाना चाहेगी।
पंजाब ने अब तक विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल को मौका नहीं दिया

किंग्स इलेवन ने कुछ गलतियां की जिन्हें वह दोहराने से बचना चाहेगा। उसने जब विरोधी टीम पर नकेल कसनी थी तब वह ऐसा करने में नाकाम रहा। अपने दो मैचों में वह बेहतर स्थिति में था लेकिन इसका फायदा नहीं उठा पाया। किंग्स इलेवन ने अब तक विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल को मौका नहीं दिया है लेकिन राहुल और मयंक अग्रवाल के शानदार प्रदर्शन से उनकी बल्लेबाजी मजबूत नजर आती है। मुंबई को अगर मैच जीतना है तो इन दोनों को सस्ते में आउट करना होगा। राहुल और अग्रवाल दोनों ने अब तक एक-एक शतक और एक-एक अर्धशतक जमाए हैं। रॉयल्स के खिलाफ तो उन्होंने पहले विकेट के लिए 183 रन की साझेदारी की। कप्तान केएल राहुल ने हालांकि बेहद सकारात्मक रवैया अपनाए रखा और अपने गेंदबाजों का उत्साह बढ़ाया। वह अपने गेंदबाजों से अब बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे होंगे।मुंबई की मजबूत स्थिति

मुंबई का बल्लेबाजी और गेंदबाजी विभाग काफी संतुलित नजर आता है। उसके पास शीर्ष क्रम में कप्तान रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और इशान किशन जैसे बल्लेबाज हैं जिसके बाद पोलार्ड और हार्दिक पंड्या जैसे आक्रामक बल्लेबाज जिम्मेदारी संभालते हैं। मुंबई के लिए अपने स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फार्म चिंता का विषय बनी हुई है। अभी तक खेले गए मैचों में उनके प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव दिखा। बुमराह ने तीन मैचों में तीन विकेट लिये हैं और वह प्रभाव छोड़ने में असफल रहे हैं। मुंबई की टीम इस मैदान पर पहले मैच खेल चुकी है और वह इसका फायदा उठाने की कोशिश करेगी। उसने अपने पहले दो मैच इसी मैदान पर खेले थे।