केरल : 17 साल की लड़की ने YouTube देखकर दिया बच्चे को जन्म, डिलीवरी के तीन दिन बाद हुआ खुलासा

केरल से बेहद ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां, एक 17 साल की लड़की ने YouTube देखकर अपने घर पर बच्चे को जन्म दिया। जबकि उसके माता-पिता को उसकी प्रेग्नेंसी के बारे में पता भी नहीं था। पुलिस ने उसके 21 साल के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला केरल के मल्लापुरम जिले का है जहां लड़की ने 20 अक्टूबर को बच्चे को जन्म दिया। डिलीवरी के तीन दिन बाद लड़की की अंधी मां को बच्चे के बारे में पता चला। लड़की डिलीवरी के बाद तीन दिन तक अपने कमरे में बंद रही। डिलीवरी के बाद इंफेक्शन हाेने के चलते उसे बच्चे के साथ कमरे से बाहर आना पड़ा, जहां से दोनों मां-बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया।

चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) ने पुलिस को इस प्रेग्नेंसी के बारे में जानकारी दी। पुलिस की जांच में सामने आया कि लड़की के पड़ोस में रहने वाले 21 साल के लड़के ने उसे प्रेग्नेंट किया और डिलीवरी के समय YouTube देखकर गर्भनाल काटने की सलाह दी।

पुलिस का कहना है कि माता-पिता को प्रेग्नेंसी की जानकारी नहीं थी. मां देख नहीं सकती हैं और पिता सिक्योरिटी गार्ड हैं, इसलिए वे रात को घर से बाहर रहते हैं। मां यह सोचती रही कि बेटी ऑनलाइन क्लासेस में पढ़ाई के लिए कमरे का दरवाजा बंद रखती है। पड़ोस के आरोपी लड़के ने लड़की के घर की परिस्थिति का फायदा उठाया।