अजमेर : आरोपी गिरफ्तार नहीं होने तक काली पट्टी बांधकर कर्मचारी करेंगे विरोध

बीते दिनों जयपुर के सवाई मानसिंह चिकित्सालय में एक मरीज के परिजनों द्वारा हंगामा करते हुए नर्सिंगकर्मी की पिटाई कर दी गई थी जिसके विरोध में अजमेर के जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में नर्सिंग कर्मियों ने विरोध जताया। नर्सिंग कर्मियों ने सांकेतिक गेट मीटिंग कर विरोध दर्ज कराया और आरोपी गिरफ्तार नहीं होने तक काली पट्टी बांधकर विरोध करने का निर्णय किया।
राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन जिला शाखा जेएलएन आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं सामूहिक चिकित्सालय संघ अजमेर के जिलाध्यक्ष गंगा शरण जाटव ने बताया कि राज्य के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज सवाई मानसिंह चिकित्सालय जयपुर के ट्रॉमा सेंटर वार्ड में मरीज के रिश्तेदार की ओर से नर्सिंग स्टाफ के साथ मारपीट और बदतमीजी किया जाना गलत है।इसके विरोध में सांकेतिक गेट मीटिंग कर विरोध प्रदर्शन किया गया। जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। इसके लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज प्राचार्य, अजमेर जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय अजमेर को ज्ञापन भी सौंपा गया।