रांची: कोविड गाइडलाइन से नहीं हो रहा अंतिम संस्कार; परिजनों के पास पीपीई किट नहीं, बैग की चेन खोलकर मृतक के मुंह में डाल रहे गंगाजल

झारखंड में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे है। पिछले 24 घंटे में 4,969 नए पॉजिटिव मरीजों की पहचान की गई। वहीं, 2,334 लोगों ने काेरोना को मात भी दिया। अब पूरे राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 30,588 हो गई है। इनमें केवल रांची से 11,726 मरीज शामिल हैं। मंगलवार को 45 मरीजों की मौत हुई। सबसे ज्यादा 15 मौते रांची में हुई। इसके साथ ही रांची से ऐसी तस्वीरें सामने आ रही है जिसने जिला प्रशासन व नगर निगम की सारी व्यवस्था को फेल कर दिया है। हॉस्पिटल में बेड और ऑक्सीजन उपलब्ध कराने में असफल होने के बाद अब कोरोना से मरने वालों का दाह संस्कार कराने में भी निगम-प्रशासन अब फेल होता दिखाई दे रहा है।

मृतक के परिजनों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है। इस कारण अंतिम संस्कार भी बिना कोविड गाइडलाइन के हाे रहा हैं। परिजन संक्रमित शव के प्लास्टिक बैग की चेन खोलकर मृतक के मुंह में गंगाजल और पानी दे रहे हैं। एंबुलेंस से शव उतारने के समय सभी लोग PPE किट भी नहीं पहन रहे हैं। रविवार को रिकार्ड 116 शवों का दाह संस्कार हुआ था। सोमवार को 104 व मंगलवार को 115 शवों का अंतिम संस्कार हुआ। 68 संक्रमित थे।

बता दे, मंगलवार को रांची के अलावा पूर्वी सिंहभूम से 10, धनबाद से 6, कोडरमा से 4, दुमका, गढ़वा, लातेहार से 2-2 और देवघर, गोड्‌डा, पलामू और पश्चिमी सिंहभूम से 1-1 मौते हुई।

कहां मिले कितने मरीज

राज्य में अब तक 1,67,346 पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 1,35,256 ठीक हो चुके हैं। मृतकों की संख्या 1502 पहुंच गई है। इधर, मंगलवार को बोकारो से 178, चतरा से 46, देवघर से 116, धनबाद से 175, दुमका से 53, पूर्वी सिंहभूम से 692, गढ़वा से 75, गिरिडीह से 30, गोड्‌डा से 79, गुमला से 149, हजारीबाग से 177, जामताड़ा से 133, खूंटी से 203, कोडरमा से 279, लातेहार से 92, लोहरदगा से 80, पाकुड़ से 4, पलामू से 73, रामगढ़ से 169, रांची से 1703, साहेबगंज से 120, सरायकेला से 39, सिमडेगा से 143, पश्चिमी सिंहभूम से 161 मरीज मिले।