कोरोना (+) की दाढ़ी बनाना नाई को पड़ा भारी, हुआ संक्रमित; 70 लोगों ने भी कराई थी शेविंग

झारखंड में एक नाई को रेड जोन से आए एक व्यक्ति को होम क्वारंटाइन के दौरान घर जाकर दाढ़ी बनाना महंगा पड़ गया। जिला प्रशासन ने नाई और दाढ़ी बनवाने वाले व्यक्ति पर होम क्वारंटाइन के नियमों का उल्लंघन को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वह व्यक्ति दो जून को हृदय रोग का इलाज कराकर दिल्ली से घर लौटा था। देर रात हुई जांच में नाई भी कोरोना संक्रमित निकल गया। प्रशासन को पता चला कि नाई ने 70 लोगों की दाढ़ी बनाई है। मामला पूर्वी सिंहभूम जिले के बागबेड़ा क्षेत्र का है। इससे बागबेड़ा के सीपी टोला और प्रधान टोला में खलबली मच गई है। जिला प्रशासन ने इनमें से 14 लोगों की पहचान कर सरकारी क्वारंटाइन में रख दिया है। शेष लोगों की तलाश जारी है। कोरोना जांच के लिए इनके नमूने लिए जा रहे हैं।

इस बीच दिल्ली से आए व्यक्ति को बारीडीह के मर्सी अस्पताल ले जाने वाले टेम्पो चालक को भी सरकारी क्वारंटाइन में रखा गया है। नाई के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की अब पहचान की जा रही है। सभी का कोरोना जांच के लिए नमूना संग्रह किया जाएगा।

उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे होम क्वारंटाइन के नियमों का सख्ती से पालन करें। जरा-सी भी लापरवाही कई लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। उन्होंने लोगों से अनिवार्य रूप से मास्क और सैनिटाइजर इस्तेमाल करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि लोग सोशल डिस्टन्सिंग का पालन करे।